अल्मोड़ा। पुलिस अब प्रत्येक मंगलवार को स्कूली छात्र-छात्राओं को नियम कानून का पाठ पढ़ाएगी। एसएसपी पी रेणुका के निर्देश पर पुलिस ने कक्षा दस, ग्यारह और बारहवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को विभिन्न थानों का भ्रमण कराया और कानून एवं शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाईयों के बारे में बताया। उन्होनें छात्र-छात्राओं ने कानून और नियमों का पालन करने के साथ ही अच्छा नागरिक बनने का आह्वान किया।
मंगलवार को जिले के सभी थानों की पुलिस ने स्कूली छात्रों को कानून और नियमों का पाठ पढ़ाया। इस दौरान पुलिस ने कक्षा दस, ग्यारह और बारहवीं कक्षा के छात्र छात्राओं को थाना, चौकियों का भ्रमण कराते हुए पुलिस स्टेशन के कारागार, हथियार, मालखाना और पुलिस कर्मियों के कमरों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान छात्रों ने सवाल भी पूछे जिसका पुलिस अधिकारियों ने जवाब भी दिया। पुलिस ने जिले में होने वाले अपराधों और अपराधियों पर की जाने वाली कानूनी कार्रवाईयों के बारे में भी बताया। इस दौरान पुलिस ने स्कूली छात्रों से नियम, कानूनों का पालन करने और अच्छा नागरिक बनने का आह्वान भी किया। उन्होंने बच्चों से भी किसी तरह का अपराध होने पर सूचना देने के लिए कहा। मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में राजकीय इंटर कालेज अल्मोड़ा, चौखुटिया, सोमेश्वर और लमगड़ा के छात्रों ने हिस्सा लिया।