अल्मोड़ा। ईवीएम मशीन खराब हो जाने से जिले के कई बूथों में मतदान प्रभावित हुआ। तकनीकी खराबी के कारण कुछ स्थानों पर आधे घंटे मतदान रुका रहा।
भैंसियाछाना ब्लॉक के सुपई सुप्याल में ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। सूचना मिलने के बाद धौलछीना से सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व मशीन लेकर सुपई पहुंचे आधे घंटे बाद मतदान शुरू हो सका। वहीं ब्लॉक के पेटशाल के कुमोली मतदान केंद्र में भी ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आई। भैंसियाछाना के नौगांव में भी ईवीएम मशीन खराब के बाद करीब आधे घंटे बाद मतदान शुरू हो पाया।
अल्मोड़ा नगर के लोनिवि कार्यालय के बूथ में लगी ईवीएम में तकनीकी दिक्कत आने से मतदान 7.23 बजे शुरू हो सका। उस वक्त यहां करीब एक दर्जन लोग लाइन में लगे थे। ढौरा और लमगड़ा के गौलीमहर में भी मशीन में खराबी आने से मतदान काफी देर बाद शुरू हुआ। सोमेश्वर के कुवाली मतदान केंद्र में भी तकनीकी खराबी आने से मतदान देर से शुरू हुआ। सल्ट विधानसभा के जैखाल और रीताकोट दो बूथों में वीवीपैट मशीन में खराबी आने से एक घंटे मतदान रुका रहा।
बाद में वीपीपैट मशीन बदलने के बाद मतदान शुरू हुआ। महतगांव में मॉक पोल विलंब से होने के कारण मतदान 7.30 बजे शुरू हो सका।
चौखुटिया के जेठुआ बूथ पर ईवीएम में आई खराबी के चलते करीब आधे घंटे तक चुनाव बाधित रहा बाद में इंजीनियर अशोक कुमार ने खराबी दूर कर दी। इधर पीठासीन अधिकारी खीमानंद गहत्यारी ने बताया कि मामूली खराबी थी जिसे चंद मिनटों में ही ठीक कर लिया गया था।