अल्मोड़ा। लोकसभा हो चाहे विधानसभा हर पांच साल में आने वाले चुनावों की मतगणना राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान अल्मोड़ा में ही होती है।
इस दौरान प्रशासन द्वारा संस्थान को मतगणना केंद्र के रूप में नियंत्रण में रख लिया जाता है। एक बार फिर संस्थान को मतगणना संबंधी कार्य के लिए अधिग्रहण कर लिया गया है और संस्थान में अवकाश के बाद अध्ययनरत बच्चों को चुनाव संपन्न होने तक प्रयोगात्मक शिक्षण के लिए विभिन्न होटलों में भेज दिया गया है।
संस्थान के प्रवक्ता धीरेंद्र मर्तोलिया ने बताया कि संस्थान के प्रधानाचार्य वर्तमान सीडीओ ने चुनाव संपन्न होने तक संस्थान के बच्चों को प्रयोगात्मक शिक्षण के लिए होटलों में भेजने को कहा है। वर्तमान में अलग-अलग स्थानों के यहां 108 बच्चे पढ़ते हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि जून प्रथम सप्ताह में छात्रों की परीक्षाएं शुरू हो जाती हैं। संस्थान की तरफ से परीक्षा का आयोजन करने वाले उत्तराखंड टेक्निकल विवि को परीक्षाएं जून द्वितीय सप्ताह से कराने का अनुरोध किया गया है।