अल्मोड़ा। पालिका परिषद को चौदहवें वित्त आयोग से शहर के विकास के लिए मिले 76 करोड़ रुपये की धनराशि से विभिन्न वार्डों में जन सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। वार्डों में पथ प्रकाश, रास्तों के सुधारीकरण समेत अन्य कार्य पालिका परिषद ने शुरू कर दिए। साथ ही नए वार्डों दुगालखोला और रैलापाली में पथ प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। पालिका नगर में 20 नए लोहे को कूड़ेदान भी लगाएगी।
चौदहवें वित्त आयोग से पालिका परिषद को नगर के विकास के लिए 76 करोड़ रुपये मिले हैं। इस धनराशि से शहर में पथ प्रकाश की व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। वार्डों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। साथ ही नए वार्ड दुगालखोला और रैलापाली में पथ प्रकाश की व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम प्रगति पर है। सभी वार्डो में बदहाल बने रास्तों के सुधारीकरण का कार्य भी पालिका परिषद ने शुरू कर दिया है।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने बताया कि नए शामिल हुए वार्ड रैलापाली और दुगालखोला में रात्रि पथ प्रकाश की व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। वहां रास्तों और नालियों का भी निर्माण किया जाएगा। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पालिका परिषद 20 नए लोहे के कूड़ेदान भी खरीद रही है। कूड़ा निस्तारण के लिए एक नया ट्रक भी खरीदा जाएगा।