अल्मोड़ा। कुमाऊं आयुक्त राजीव रौतेला ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी कर न्याय पंचायत स्तर पर लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है। विशेष कार्ययोजना बनाकर जिले में उपलब्ध संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए। इससे जहां स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा वहीं उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने न्याय पंचायतों के लिए नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी की नियुक्ति के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत का भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण करें। कृषि, उद्यान, पशुपालन, ग्राम्य विकास, मत्स्य रेशम विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर काम करना होगा। अधिकारियों को स्वयं इस कार्य में रुचि दिखानी होगी। ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत सदस्यों, अध्यक्ष के साथ बैठक कर राय ली जाए। आयुक्त ने कोसी पुनर्जनन अभियान के कार्यों की जानकारी लेकर 31 मार्च तक चाल, खाल, खंतिया, तालाब, चेकडेम बनाने, नेपियर घास लगाने के निर्देश दिए।
सीडीओ मयूर दीक्षित ने बताया कि जिले के 96 न्याय पंचायतों में 15 कलस्टर बनाए गए हैं। नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। शीघ्र ही सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। मिशन अंत्योदय कार्यक्रम के अंतर्गत 80 ग्राम पंचायतों में कार्य किया जा रहा है। बैठक में डीएफओ पंकज कुमार, सीएमओ डा. विनीता साह, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह, मुख्य उद्यान अधिकारी हितपाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. रवींद्र चंद्रा आदि ने भाग लिया।