मौलेखाल (अल्मोड़ा)। रचनात्मक महिला मंच के सदस्यों ने सल्ट तहसील के अंतर्गत शराब के खुले नए ठेकों को बंद करने और क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री रोकने की मांग की है। उन्होंने तहसीलदार प्रताप राम टम्टा के माध्यम से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मंच आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा है कि तहसील सल्ट के मुख्य बाजार क्षेत्र समेत अन्य इलाकों में शराब के नए ठेके खुले हैं। शराब की दुकानों के आसपास आवासीय भवन, शिक्षण संस्थान समेत अन्य कार्यालय है। कई स्थानों पर शराब के ठेके खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। गांव-गांव में आसानी से शराब पहुंच जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर शराब का अवैध धंधा खूब फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र में खुले शराब के नए ठेके को शीघ्र बंद किया जाए।
उन्होंने कहा कि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो महिलाएं आंदोलन करने को बाध्य होंगी। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष निर्मला देवी, अंजू देवी, मंजू देवी, सुमित्रा देवी, देवकी देवी, राधा देवी, जानकी देवी, जयंती देवी, ममता देवी, प्रकाश कांडपाल, सुरेंद्र सिंह, प्रयाग सुंदरियाल, विजय कुमार, विनय कुमार आदि शामिल हैं।