अल्मोड़ा। शीतलाखेत के पास शुक्रवार सुबह डोबा गांव के जंगल में अचानक आग लग गई। सूचना मिलने पर एसएसपी पी रेणुका देवी ने अग्निशमन दल को मौके पर भेजा। आग इतनी ज्यादा फैल चुकी थी कि फायर कर्मचारियों को आग बुझाने में तीन घंटे का समय लग गया। इस दौरान फायर कर्मचारियों को पानी की कमी से भी जूझना पड़ा।
अग्निशमन दल को सुबह करीब 11 बजे आग लगने की सूचना मिली। मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंशबहादुर यादव अल्मोड़ा और रानीखेत के 13 कर्मचारियों की संयुक्त टीम के साथ डोबा गांव पहुंचे। इस दौरान डोबा के जंगल में लगी आग काफी फैल चुकी थी और गांव की ओर बढ़ रही थी। रेसक्यू के दौरान फायर कर्मचारियों को पानी की कमी से भी जूझना पड़ा। कर्मचारियों ने गांव के आसपास जलस्रोतों से पानी भरकर जंगलों की आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर कर्मचारियों की टीम में गिरीश सिंह बिष्ट, मक्खन सिंह, महेश सिंह आदि थे।