अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया सोमवार से कलक्ट्रेट में शुरू हो गई है। पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। कांग्रेस नेता राज्यसभा सासंद प्रदीप टम्टा के लिए जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे ने चार सेट नामांकन फार्म लिए। इसके अलावा बसपा, उपपा, उक्रांद (डी), आरपीआई (अठावले) के दावेदारों ने नामांकन फार्म के कुल 10 सेट लिए।
अल्मोड़ा कलक्ट्रेट में जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष नामांकन के लिए निर्धारित किया गया है। पहले दिन पांच दावेदारों ने 14 नामांकन फार्म लिए। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रदीप टम्टा निवासी लोब (बागेश्वर) के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे ने नामांकन फार्म के चार सेट लिए।
बसपा के सुंदर धौनी निवासी मंडलसेरा बागेश्वर ने दो सेट, उक्रांद (डी) की द्रोपदी वर्मा निवासी बैजनाथ बागेश्वर ने दो सेट उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की विमला निवासी बाड़ेछीना अल्मोड़ा ने चार सेट, आरपीआई अठावले के महेश चंद्र आर्य निवासी खत्याड़ी ने दो सेट नामांकन पत्र लिए।
अल्मोड़ा संसदीय सीट के रिटर्निंग आफिसर और जिला मजिस्ट्रेट नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। नामांकन 25 मार्च की सायं तीन बजे तक दाखिल हो सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 26 मार्च को प्रात: 11 बजे से की जाएगी। नाम वापसी के लिए 28 मार्च की तिथि तय है। मतदान 11 अप्रैल को सुबह सात बजे से सायं पांच बजे तक होगा। नामांकन के लिए अल्मोड़ा कलक्ट्रेट में बैरिकेडिंग के साथ ही पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।