अवैध लीसा, गुलिया, और चीड़ के छिलके के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
एसओजी और लमगड़ा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। चायखान गेस्ट हाउस के पास ट्रक से करीब छह लाख का सूखा लीसा, गुलिया, और चीड़ के छिलके बरामद किए हैं। इस मामले में अवैध रूप से वन उपज परिवहन कर रहे वाहन सीज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि दो लोग मौके से फरार हो गए। आरोपी बगैर कागज के अवैध रूप से वन संपदा की तस्करी कर रहे थे।
एसओजी प्रभारी नीरज सिंह भाकुनी ने बताया कि चायखान गेस्ट हाउस के पास ट्रक संख्या यूके-04सीए-0186 में अवैध रूप से रखे 69 कट्टे और एक बोरे में सूखा लीसा, 177 कट्टों में गुलिया और चार घनमीटर चीड़ के छिलके बरामद हुए। इस मामले में चंदन सिंह निवासी बेड़चूला, नैनीताल, राहुल सिंह सिराड़ी निवासी चितई सिराड़, पूरन सिंह निवासी टकुली ढैला, लमगड़ा, चंदन सिंह नैनवाल और लोकश सिंह उर्फ लकी भाई के खिलाफ धारा-26 वन अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। इस दौरान आरोपी चंदन सिंह नैनवाल और लोकेश सिंह उर्फ लकी फरार होने में कामयाब रहा। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहन सिंह सोन, बृज भूषण गुरुरानी और श्याम सिंह शामिल रहे।