अल्मोड़ा। अपर मुख्य सचिव महिला और बाल विकास राधा रतूड़ी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जिलाधिकारी को जिले में स्थित नारी निकेतन, बाल विकास और बाल आश्रमों का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इन संस्थाओं में स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं के बारे मेें भी जानकारी लेने को कहा है। उन्होंने युवाओं में नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए भी ठोस कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव ने बाल मजदूर एवं महिला मजदूरों के लिए शेल्टर होम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने और बाल श्रम एवं महिला श्रमिकों के लिए चाइल्ड लाइन संस्था का सहयोग भी लेने को कहा। उन्होंने पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे आपरेशन स्माइल अभियान को भी बढ़ावा देने को कहा।
इसके अलावा विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन करने के लिए कार्ययोजना बनाने, औद्योगिक संस्थानों की परिधि में रहने वाले और वहां काम करने वाले मजदूरों के बच्चों को चिन्हित कर उनके लिए विद्यालय जाने की व्यवस्था, स्वास्थ्य देखभाल करने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि नंदादेवी हैंडलूम सेंटर में एक महिला शेेल्टर होम बनाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने अन्य निर्देशों का पालन कराने की बात भी कही। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक एचबी चंद, कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, प्रोबेशन अधिकारी राजीव नयन तिवारी आदि मौजूद थे।