फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनडी तिवारी के कार्यकाल में इतना बजट आया कि योजनाएं कम पड़ गई

विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में मंत्री के तौर पर पंडित नारायण दत्त तिवारी ने अल्मोड़ा जिले में विकास की तमाम योजनाओं को मूर्त रूप दिया। खास तौर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में तीस साल से अस्त व्यस्त पड़ी एतिहासिक पटाल बाजार के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक बजट मंजूर किया और कुछ ही समय के भीतर इसे नया रूप मिल गया।
विज्ञापन


इसके अलावा एसएसजे परिसर में दो करोड़ लागत से ऑडिटोरियम, उदयशंकर नाट्य अकादमी सहित तमाम योजनाओं के लिए तुरंत बजट मंजूर किया। लोग कहते हैं कि उनके कार्यकाल में इतना बजट आया कि योजनाएं कम पड़ गईं। तब बजट के कारण किसी योजना में विलंब नहीं हुआ।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में 2003 में अल्मोड़ा आने पर एनडी तिवारी ने तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरीश रावत के आग्रह पर रैमजे इंटर कालेज में हुई जनसभा में अल्मोड़ा में मेडिकल कालेज बनाने की घोषणा की और उनके कार्यकाल में इसे कैबिनेट ने भी मंजूरी दी।
विज्ञापन


अल्मोड़ा की एतिहासिक पटाल बाजार की स्थिति बहुत खराब हो गई थी। पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी बताते हैं कि इसे लेकर वह एक शिष्टमंडल के साथ देहरादून गए और तिवारी जी से रात 12 बजे उनकी मुलाकात हुई। तिवारी ने उसी वक्त पटाल बाजार के लिए लोनिवि से करीब एक करोड़ रुपये मंजूर करने का आदेश जारी किया और फिर एक साल के भीतर पटाल बाजार को नया रूप मिल गया। इसके अलावा तत्कालीन छात्र संघ के पदाधिकारी एसएसजे परिसर में एक ऑडिटोरियम बनाने की मांग को लेकर उनसे मिले तो उन्होंने इसके लिए दो करोड़ मंजूर कर दिए।


तिवारी के आग्रह पर अल्मोड़ा के फलसीमा में बनी उदयशंकर राष्ट्रीय नाट्य अकादमी का शिलान्यास करने तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम अल्मोड़ा आए। इसके अलावा उनके कार्यकाल में करोड़ों की लागत से अल्मोड़ा में शॉपिंग कांप्लेक्स कम टैक्सी स्टैंड, अल्मोड़ा का बेस अस्पताल सहित तमाम योजनाओं को मंजूरी मिली।

उनके कार्यकाल में केबिनेट मंत्री रहे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल कहते हैं कि जब तिवारी किसी कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाते थे तो वह अपनी ओर से विकास योजनाओं की घोषणा करने को कह देते थे और उनकी अनुपस्थिति में जितनी भी घोषणाएं होती थी उन्हें वह पूरा करते थे। राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा कहते हैं कि उत्तराखंड की आधारशिला रखने में एनडी तिवारी का महत्वपूर्ण योगदान है। देहरादून से लेकर ऊधमसिंहनगर तक जो भी औद्योगिक विकास हुआ है यह सब उन्हीं की देन है।

पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी कहते हैं कि उत्तराखंड के सीएम के रूप में उनके कार्यकाल में इतना बजट आया कि योजनाएं कम पड़ गई। उनके कार्यकाल में दर्जा राज्यमंत्री रहे केवल सती कहते हैं कि श्री तिवारी के समय वित्त की कोई कमी नहीं रही और उनका इतना नियंत्रण रहता था कि कभी ओवर ड्राफ्ट की स्थिति नहीं आई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें