अल्मोड़ा। एसडीएम विवेक राय और अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर प्रसाद ने पालिका कर्मचारियों की छह सूत्रीय मांगों पर विचार विमर्श के लिए कर्मचारी संगठनों के साथ वार्ता की। एसडीएम ने कर्मचारियों के तत्काल पीपीएफ खाते खोलने को लेकर अधिशासी अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा सामूहिक बीमा को दोबारा लागू करने को लेकर डीएम की ओर से शासन को पत्र लिखे जाने पर विचार किया गया।
वार्ता में तय हुआ कि मृतक आश्रितों की पत्रावलियां तैयार करने उन्हें नियुक्ति दिए जाने की कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों को आवास आवंटित करने के लिए शासन को पत्राचार करने पर सहमति बनी। बरसात के मौसम को देखते हुए नियमानुसार तीस सफाई कर्मचारी रखने पर भी चर्चा हुई। वाहन चालकों के पदों पर नियमानुसार पदोन्नति प्राथमिकता से किए जाने अथवा आउट सोर्सिंग से वाहन चालकों की नियुक्त करने पर भी विचार विमर्श हुआ। भविष्य निधि के मामले में उपजिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को बैंक के साथ बैठक करने के लिए निर्देशित किया।
इसके अलावा बैंक अधिकारियों की बैठक जिलाधिकारी के साथ भी आयोजित करवाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पालिका कर्मचारियों के तत्काल पीपीएफ खाते खोले जाएं, ताकि कर्मचारियों को भविष्य निधि में नुकसान नहीं हो। ईओ श्याम सुंदर प्रसाद ने बताया कि वार्ता के बाद कर्मचारी संगठनों ने 15 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर दी है।
वार्ता में नगर स्वास्थ्य अधिकारी दीपांकर डेनियल, सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह भंडारी के अलावा उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र जोशी, उत्तराखंड स्वच्छकार कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजपाल पवार, सुरेश केशरी, सतीश, जगदीश कपिल, गिरीश बसौला, कमल कुमार पाठक आदि मौजूद थे।