मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट क्षेत्र के लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। सल्ट तहसील के अंतर्गत मौलेखाल, शशिखाल, देवायल, करगेत, हिनौला में रविवार को भी पानी नहीं आया। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर भी नहीं भेजे, जिसके चलते स्थानीय लोगों के अलावा सरकारी कर्मचारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील परिसर के अलावा नपटुआ, पोखरी, बैला, आदि क्षेत्रों में रविवार को भी लोगों को पानी नहीं मिल सका। क्षेत्रवासियों को तीन-तीन किमी दूर हैंडपंपों और जल स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। दूसरी ओर मौलेखाल के पास जल संस्थान की एक पाइप लाइन टूटी हुई है। इससे लगातार पानी बह रहा है लेकिन विभाग के कर्मचारियों का इस ओर ध्यान नहीं है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम से की है। संतोष कुमार, संदीप कुमार, योगेंद्र, बचे सिंह बोरा, पान सिंह, महेंद्र राणा आदि ने आरोप लगाया कि विभाग टैंकरों से भी पानी नहीं भेज रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी से पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। गर्मियों के मौसम में दिक्कत बढ़ सकती है। उन्होंने जल संस्थान से पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी मांग की है। इधर, विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल स्रोतों में पानी कम होने से पानी टैंकों तक नहीं पहुंच पा रहा है।