अल्मोड़ा। एड्स जैसी जानलेवा बीमारी के पैर पहाड़ी जिलों में भी पसरने लगे हैं। एक साल के भीतर पांच मामले सामने आए हैं। जबकि अब तक अल्मोड़ा में 22 एड्स रोगी चिन्हित हुए हैं। इनमें भी सबसे ज्यादा 18 महिलाएं हैं। अल्मोड़ा जिला अस्पताल में स्थित लिंक एंटी रेट्रो वायरल ट्रीटमेंट केंद्र से मरीजों को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
दूषित रक्त, संक्रमित सुई, मां से बच्चे को और असुरक्षित यौन संबंध से फैलने वाली जानलेवा बीमारी एड्स की जांच के लिए एंटी रेट्रो वायरल ट्रीटमेंट केंद्र की सुविधा प्रदेश में केवल देहरादून और सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में ही उपलब्ध है।
अल्मोड़ा जिला अस्पताल में इसका लिंक एंटी रेट्रो वायरल ट्रीटमेंट केंद्र स्थापित है। एकीकृत परामर्श एवं परीक्षण केंद्र के पुरुष परामर्शदाता नरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जिले में एड्स पीड़ितों की संख्या 22 है जिनमें 18 महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। अकेले 2018-19 में एड्स के पांच रोगी चिन्हित हुए हैं। रोगियों को लिंक एंटी रेट्रो वायरल ट्रीटमेंट केंद्र निशुल्क दवाइयां दी जाती हैं।