अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के क्षेत्रीय कार्यालय (कुमाऊं) क्षेत्र में पीएमजीएसवाई की निविदाओं में हो रही अनियमितताओं के विरोध में कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले ठेकेदार और ठेकेदार प्रतिनिधियों ने कर्नाटक खोला स्थित पीएमजीएसवाई चीफ कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगागा।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि अनियमितता की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा मूल ठेकादारों को वंचित किया जा रहा है जो ई प्राक्योरमेंट नियमावली का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत ऐसी निविदाएं हैं जिनकी सैद्धांतिक स्वीकृति भी वन विभाग से प्राप्त नहीं है, उनकी भी वित्तीय निविदाएं खोली जा रही है। विभाग द्वारा निविदाओं में मनमानी करते हुए ई टेंडरिंग के मानकों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा मनमाने तरीके से मूल ठेकेदारों को वंचित कर अपने चहेतों और अयोग्य को कार्य दिया जा रहा है।
अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष सतीश चंद्र पांडे ने और संचालन महासचिव महेश कुमार जोशी और गोविंद सिंह पंगरिया ने किया। प्रदर्शन करने वालों में संजय उपाध्याय, महेंद्र प्रताप सिंह जलाल, मोहन सिंह बिष्ट, मुन्ना सिंह क्वारवी, प्रेम सिंह फत्र्याल, जीएस मटियानी समेत ठेकेदार तथा ठेकेदार फर्मो के प्रतिनिधि शामिल थे।