अल्मोड़ा। नगर में आवागमन की समस्या से जूझ रहे पर्यटकों और आम लोगों की समस्या हल हो गई है। लंबे समय से लोगों की मांग पर डीएम नितिन सिंह भदौरिया नगर में सिटी बस चलाने को मंजूरी दे दी है। यह बस शहर होते हुए पर्यटक स्थल कसारदेवी, कटारमल और चितई भी जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर वासियों के अलावा बाहर से आने वाले पर्यटकों को निकटवर्ती पर्यटन स्थलों में आने-जाने की सुविधा मिल सके इसलिए इन बसों के संचालन हेतु विस्तृत कार्य योजना बनाने का निर्णय लिया गया है। इन रूटों के लिए जल्द ही ट्रायल भी किया जाएगा।
शिविर कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम ने नगर में सिटी बस चलाने को लेकर चर्चा की। उन्होंने एआरटीओ को इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। जिसमें बसों के रूट, बस स्टॉप सहित यात्रियों की सुविधा अनुसार अन्य बिंदु पर काम कर योजना बनाने को कहा गया है। उन्होंने केएमओयू और टैक्सी यूनियन से सभी वार्ता कर सिटी बस संचालन के लिए सुझाव लेने को कहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शहर में चलाई जाने वाली सिटी बसों का रूट प्लान इस तरह बनाने को कहा कि जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि इससे पहले एक ट्रायल किया जाएगा और उसमें जो भी कमियां दिखाई देंगी उसे दूर कर दिया जाएगा। बैठक में आरतोला से जागेश्वर मंदिर तक परिवहन व्यवस्था पर भी विचार-विर्मश किया गया। बैठक में एसडीएम विवेक रॉय, एआरटीओ आलोक जोशी, सीएमओ डा. विनीता साह, जिला शिक्षाधिकारी एचबी चंद, तहसीलदार खुशबू आर्या, यातायात उपनिरीक्षक समेत कई अधिकारी मौजूद थेे।