अल्मोड़ा। मंगलवार तड़के आग बुझाने जा रहा अग्निशमन विभाग का दमकल वाहन एलआरसाह रोड में अनियंत्रित होकर सड़क से बीएसएनएल परिसर में जा गिरा। दुर्घटना में अग्निशमन विभाग के दो कर्मचारी घायल हो गए। वहीं बीएसएनएल के रिकार्ड और स्टोर रूम के बड़े कमरे की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। तीन क्रेन बुलाने के बाद पांच घंटे के लगातार प्रयास के बाद भी वाहन को सड़क तक नहीं खींचा जा सका। इस दौरान इस सड़क को बंद रखा गया और वाहनों को दूसरे रास्ते से जाना पड़ा।
लोधिया के पास एक कभाड़ी के गोदाम में आग लगने की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग का दमकल वाहन मंगलवार तड़के साढ़े तीन बजे एनटीडी से रवाना हुआ। एडम्स स्कूल के पास एलआर साह रोड में बीएसएनएल कार्यालय के पास मोड़ पर किसी जानवर के खड़े होने पर वाहन का स्टेयरिंग नहीं कट पाया जिससे वाहन मय चालक और अन्य कर्मचारियों समेत रेलिंग तोड़ता हुआ सड़क से नीचे जा गिरा। वाहन के टैंकर में भरा पानी भी पूरा बह गया। वाहन गिरने से बीएसएनएल के रिकार्ड कक्ष की दीवार को भी काफी क्षति पहुंची। दुर्घटना में वाहन चालक विनोद भंडारी और प्रेमलाल को चोटें आईं, लेकिन वाहन में सवार दो अन्य कर्मचारियों को खरोंच तक नहीं आई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस, अग्निशमन दल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। बाद में वाहन को निकालने के लिए पुलिस और आईटीबीपी के अलावा एक निजी क्रेन भी मंगाई गई, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण वाहन को नहीं निकाला जा सका है। इधर मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि घायल कर्मचारियों को घर भेज दिया गया है। जबकि दमकल वाहन को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।