अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी, भैंसियाछाना विकासखंड की सीमा पर स्थित नैनी चौगर्खा क्षेत्र में किसी भी बैंक की शाखा न होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को बैंकिंग सुविधा के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। इस संबंध में ग्रामीणों के शिष्टमंडल ने विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, डीएम से भी मुलाकात की।
शिष्टमंडल ने बताया कि धौलादेवी और भैंसियाछाना ब्लॉक के मध्य में दूरस्थ क्षेत्र में नैनी चौगर्खा गांव स्थित है, लेकिन क्षेत्र में किसी भी बैंक की शाखा नहीं है। उन्होंने क्षेत्र में सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने बताया कि नैनी में आईटीआई तो खुला है, लेकिन अनुदेशक नहीं है। आईटीआई के लाभ से भी क्षेत्र के युवा वंचित हैं। इसके बाद ग्रामीणों का शिष्टमंडल डीएम, एसबाईआई के क्षेत्रीय महाप्रबंधक और सहायक निबंधक सहकारिता से मिला और बैंक शाखा खोलने की मांग उठाई। शिष्टमंडल में सूबेदार त्रिलोक सिंह रावत, राम सिंह खनी, खुशाल सिंह खनी, दीवान सिंह खनी सुरेश चंद्र भट्ट, देवीलाल वर्मा, लक्ष्मण सिंह खनी, नारायण सिंह, चंदन सिंह खनी आदि थे।