अल्मोड़ा। पेयजल कमी वाले क्षेत्रों में लोगों को समुचित पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था के तहत जल निगम पिछले दिनों रिफिलर प्वाइंट बनवा रहा था। जिसे अब पूरा कर लिया गया है। लोगों को आसानी से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जिले में नौ विभिन्न स्थानों पर रिफिलर प्वाइंट बनाए गए हैं। वहीं जल संस्थान ने अपने सभी कर्मचारियों को जहां जहां भी लीकेज की समस्या हो उसे दूर करने के लिए निर्देश दिए हैं।
गर्मियों में पानी की समस्या को दूर करने के लिए जल निगम ने विभिन्न ब्लॉकों में पेयजल समस्या वाली जगहों के पास रिफिलर प्वाइंट बना लिए हैं। जिसमें सल्ट के डोटियाल, भिकियासैंण के नौला, चौखुटिया के टटलगांव, ताड़ीखेत के चिलियानौला, चमड़खान, द्वाराहाट में विजयपुर, लमगड़ा ब्लॉक में कल्टानी, धौलादेवी में दोड़म, दन्या में रिफिलर प्वाइंट तैयार कर लिए गए हैं। जल संस्थान के ईई केएस खाती ने बताया कि नगर, ग्रामीण क्षेत्रों में लीकेज प्वाइंट को खोजकर उन्हें भी जल्द ठीक कराने, खराब हैंडपंप को भी ठीक कराने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि गर्मियों में खपत ज्यादा होने के कारण पानी की कमी रहती है, इसलिए अनावश्यक रूप से पानी का दुरुपयोग करने वालों पर भी विभाग के कर्मचारियों से नजर रखने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि जल संस्थान के पास नौ सरकारी पेयजल टैंकर हैं। इनमें चार-चार अल्मोड़ा, रानीखेत, एक सल्ट में तैनात है। सल्ट क्षेत्र के लिए एक निजी पिकप, टैंकर भी किराए पर लिया गया है।