अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड के नैनीधार भनार गांव निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति मंगलवार रात पैर फिसलने से नाले में गिर गया। रातभर वह ठंड में नाले में ही पड़ा रहा। बुधवार को उसका शव नाले से बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि वह शराब का सेवन करता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नैनीधार भनार निवासी प्रमोद चंद्र जोशी (40) पुत्र स्व. भुवन चंद्र जोशी मंगलवार रात गांव में ही नामकरण की पार्टी में गया हुआ था। रात को घर लौटते वक्त रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह करीब 15 फुट नीचे नाले में लुढ़क गया और रातभर कड़ाके की ठंड में वहीं पड़ा रहा। परिजनों ने उसकी तलाश की पर पता नहीं लगा। पत्नी ने बुधवार दिन में करीब 12:30 बजे नाले में प्रमोद चंद्र जोशी को पड़ा देखा, लेकिन तब तक प्रमोद की मौत हो चुकी थी।
जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार प्रमोद शराब के नशे में नाले में लुढ़क गया और ठंड से उसकी मौत हो गई। बेस अस्पताल चौकी प्रभारी संतोष देवरानी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार मृतक प्रमोद के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। प्रमोद की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। वह टैंट हाउस में लाइट का काम करता था।