अल्मोड़ा। हिंदू जागरण मंच ने देश में रोहिंग्या और बांग्लादेशी शरणार्थियों का प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग की है। इसके विरोध में जहां अल्मोड़ा में संगठन की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा, वहीं बागेश्वर में रोहिंग्या मुस्लिम घुसपैठियों का पुतला फूंका गया।
अल्मोड़ा में राष्ट्रपति को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि म्यांमार से निष्कासित रोहिंग्या मुस्लिम देश की सीमा के अंदर घुसपैठ करने को लालायित हैं। विश्व बिरादरी का मुखिया यूनाइटेड नेशन भी इन्हें शरण देने का अनुरोध कर रहा है। भारतीय मुस्लिम समुदाय भी रोहिंग्या मुस्लिमों को देश में शरण दिलाने के लिए अभियान, जनयात्राएं और म्यांमार विरोधी प्रदर्शन कर खुद को एकत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं, जो खतरे का संकेत है। उन्होंने कहा कि देश में 40 हजार से अधिक रोहिंग्या मुस्लिम विभिन्न प्रांतों से आकर हरियाणा, हैदराबाद, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में रह रहे हैं। यदि रोहिंग्याओं को शरण दी गई तो देश की आंतरिक शांति सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। ज्ञापन देने वालों में मंच के महामंत्री अभय साह, विहिप जिलाध्यक्ष मंगल सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष शरद अग्रवाल, हिंजामं प्रदेश मंत्री जगदीश जोशी, जिला सह मीडिया प्रभारी शुभम वर्मा, नगर मंत्री सचिन डंगवाल, सूरज डंगवाल, संदीप भाकुनी, संजय सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष पीयूष भट्ट, अनूप जोशी, दलीप कुमार, नमित शर्मा आदि थे।