अल्मोड़ा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा है कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत प्रदेश सरकार उत्तराखंड को पूर्ण शौचालय युक्त घोषित करने का दावा कर रही है, लेकिन सरकार के यह आंकड़े धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत उत्तराखंड में सभी घरों में शौचालय होने का दावा किया है, जो कि भ्रामक है। मैदानी क्षेत्र ही नहीं बल्कि प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कई लोगों के पास शौचालय नहीं हैं। जिस कारण उन्हें खुले में शौच को बाध्य होना पड़ता है। वहीं पानी के अभाव में कई लोगों ने शौचालयों को लकड़ी और घास रखने का गोदाम बना रखा है।
राज्य सरकार को एक बार फिर से जनता, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की टीम के साथ गांवों का वास्तविक सर्वेक्षण करना चाहिए और शौचालयों से वंचित सभी परिवारों के शौचालयों का निर्माण, शौचालयों में पानी की व्यवस्था करनी चाहिए।