अल्मोड़ा। फूड फेस्टेवल के लिए चार साल से बजट की आस देख रहे राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान के छात्रों को इस बार भी मायूस होना पड़ रहा है। इस मद में सरकार की ओर से बजट नहीं आने के कारण संस्थान के छात्रों को खुद ही विभिन्न राज्यों के व्यंजन तैयार करने पड़ रहे हैं।
1991 में अस्तित्व में आए कुमाऊं के एकमात्र राजकीय होटल मैनेजमेंट संस्थान में बजट के अभाव में पिछले चार साल से फूड फेस्टेवल का आयोजन नहीं हो सका है। फूड फेस्टेवल के जरिए संस्थान के छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता था। बजट नहीं मिलने के बावजूद संस्थान के शिक्षकों के निर्देशन में छात्र हर सप्ताह बारी-बारी से देश के विभिन्न राज्यों की प्रसिद्ध व्यंजनों के अलावा विदेशी व्यंजन भी तैयार कर रहे हैं।
मैनेजमेंट संस्थान में वर्तमान में करीब 136 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विभिन्न जगहों से होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने अल्मोड़ा पहुंचने वाले छात्र पढ़ाई के साथ-साथ आतिथ्य सत्कार के अंतर्गत आने वाली हाउस कीपिंग, कुकिंग और सर्विस क्षेत्र में खुद को तैयार कर रहे हैं, लेकिन छात्रों की पीड़ा है कि आतिथ्य सत्कार की जिन चीजों को वह संस्थान में सीख रहे हैं उसके लिए उनको किसी भी प्रकार को प्रोत्साहन नहीं मिल पा रहा है। चार साल पहले तक संस्थान में फूड फेस्टेवल का आयोजन किया जाता था। संस्थान के शिक्षक धीरेंद्र मर्तोलिया ने बताया कि संस्थान में फूड फेस्टेवल का आयोजन नहीं होने से छात्रों को प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहा है। इधर होटल मैनेजमेंट के प्रभारी प्रधानाचार्य और मुख्य विकास अधिकारी जेएस नागन्याल ने बताया कि बजट नहीं आने के कारण फूड फेस्टेवल का आयोजन नहीं हो सका है।