अल्मोड़ा। छात्र संघ पदाधिकारियों ने छात्र संघ अध्यक्ष राजन चंद्र जोशी के नेतृत्व में परिसर निदेशक प्रो.आरएस पथनी को ज्ञापन देकर परिसर में सीसीटीवी लगाने, बाइक और कार खड़े करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की धमकी भी दी है।
ज्ञापन में उक्त समस्याओं के अलावा छात्र संघ भवन में फर्नीचर की व्यवस्था करने, परिसर के प्रांगण में शौर्य दीवार का निर्माण करने, बीकॉम की कक्षाओं में पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था करने की भी मांग की है। उन्होंने कहा है कि बीते साल हुए छात्र संघ चुनावों के बाद लगातार समस्याओं के समाधान के लिए आग्रह किया जा रहा है लेकिन अभी तक समस्याएं हल नहीं हुई हैं।
यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में छात्र संघ अध्यक्ष राजन जोशी के अलावा महासचिव अक्षय कुमार टम्टा, उपसचिव चंदन बहुगुणा, उपाध्यक्ष पुष्कर बिष्ट, नवीन नैनवाल, आशीष जोशी, वरुण कपकोटी, भानु बिष्ट आदि शामिल थे।