बृहस्पतिवार की सुबह ही भारी बारिश ने राष्ट्रीय राजमार्गों की पोल खोलकर रख दी है। रानीखेत रोड में कई दुकानों में जहां पानी और मलबा भर गया। वहीं चोक नालियों ने मोटर मार्गों की हालत खराब कर दी है। पूरी सड़कें कीचड़ से पट चुकी हैं। जिममें चलना तक दूभर हो चुका है।
रानीखेत रोड में घटगाड़ पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से कीचड़ में तब्दील हो चुका है। यहां चलने में भी लोगों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। सुबह से कई दोपहिया वाहन चालक मिट्टी में रपट चुके हैं। जबकि सड़क की दुर्दशा को अमर उजाला ने कुछ दिन पूर्व विस्तार से प्रकाशित किया था। तहसील मार्ग की कच्ची सड़क पर नालियां नहीं बनाई गई हैं। जिसके चलते पानी और मिट्टी पुल और सड़क पर जमा हो गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता राकेश मठपाल पूर्व में कई बार विभागीय अधिकारियों को पत्र तक दे चुके हैं। एनएच के सहायक अभियंता आलोक कुमार ने शीघ्र समाधान निकालने की बात कही थी, लेकिन समस्या का हल नहीं निकल सका है। बता दें कि यह मार्ग हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ जाना वाला मुख्य मोटर मार्ग है। इधर मोटर मार्गों में निकास नालियां नहीं होने के कारण कई दुकानों में सुबह मलबा और पानी घुस गया।