अल्मोड़ा। जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद की पहल पर शहर के एनटीडी वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने सुबह छह बजे से आठ बजे तक वार्ड के विभिन्न मोहल्लों में सफाई की। जगह-जगह पड़े कूड़े, मिट्टी, मलबे, घास, कांच आदि को हटाया। एकत्रित कूड़े को पालिका के कूड़ा वाहनों के जरिये निस्तारित किया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने लोगों ने स्वयं आगे आकर इस तरह के सफाई अभियान में भाग लेने को कहा। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में शहरवासियों से सहयोग की अपील की।
इस दौरान पालिका कर्मियों ने गंदगी और सीवर खुले में छोड़ने वाले तीन लोगों के चालान काटकर तीन हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। डीएम ने कहा कि गंदगी करने वालों से नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। सफाई अभियान वार्ड के हीराडुंगरी, शंकर भवन, खास कालोनी, सांई मंदिर, धार की तूनी, पातालदेवी, वाल्मीकि बस्ती आदि क्षेत्रों में चलाया गया। इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस विशाल मिश्रा, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, एसई जल संस्थान केएस खाती, अर्थ संख्याधिकारी जीएस कालाकोटी, मुख्य उद्यान अधिकारी टीएन पांडे, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, सहायक निबंधक सहकारिता राजेश चौहान, सीईओ जगमोहन सोनी, डीईओ एचबी चंद, सीवीओ डॉ . रवींद्र चंद्रा, ईओ पालिका श्याम सुंदर, लोनिवि के ईई बीसी पंत, ईई ऊर्जा निगम डीडीएस पांगती, सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह, विनोद राठौर, विद्या कर्नाटक, डॉ. जेसी दुर्गापाल आदि मौजूद थे।