चौखुटिया (अल्मोड़ा)। एक मकान के ऊपर से गुजर रही ग्यारह हजार केवी के विद्युत लाइन के तार की चपेट में आने से एक बच्चा झुलस गया है। बताया गया है कि बच्चे ने मकान के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार पकड़ लिया था। बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया है। बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ब्लॉक कार्यालय में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात भास्कर जोशी के बच्चे हल्द्वानी रहते हैं आजकल छुट्टियां होने से वे चौखुटिया आए थे, उन्हें मंगलवार को वापस लौटना था। मंगलवार की सुबह उनका बेटा मयंक (11) अपने बड़े भाई के साथ उनके घर से कुछ दूर खिरचौरा मंदिर के निकट रहने वाले छोटेलाल के बच्चों से मिलने गया था।
इसी दौरान वह उनकी छत में चला गया उसने छत के कोने से गुजर रही ग्यारह हजार केवी की लाइन का एक तार पकड़ लिया जिससे वह बुरी तरह से झुलस गया। चीख पुकार सुनने के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से परिजन उसे सीएचसी में लाए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 एंबुलेंस सेवा से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
इधर बच्चे का उपचार करने वाले चिकित्सक डॉ. विवेक पंत ने बताया कि बच्चे का एक हाथ व कोहनी बुरी तरह से झुलस गए हैं इसके अलावा पीठ, छाती और पैर भी झुलसा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल बच्चा खतरे से बाहर प्रतीत हो रहा है।