अल्मोड़ा। शहर के जीजीआईसी तिराहे के समीप पंचधारा में स्वीकृत ट्रक स्टैंड और टाउन हॉल का निर्माण सालों बाद भी नहीं हो सका है। पालिका परिषद ने इसके निर्माण के लिए संशोधित 16.60 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा है, परंतु प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली है। शहर में ट्रक स्टैंड के अभाव में व्यापारी सड़क किनारे वाहन खड़े कर सामान उतारने को मजबूर हैं, वहीं टाउन हॉल नहीं होने से सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में परेशानी होती है।
ट्रक स्टैंड बनाने की मांग व्यापारी पिछले कई सालों से कर रहे हैं पर ट्रक स्टैंड नहीं बन सका है। ऐसी स्थिति में व्यापारी ट्रकों और वाहनों को मालरोड में शिखर तिराहे के निकट शॉपिंग कांप्लेक्स के समीप सड़क किनारे खड़ा कर सामान उतारते हैं। इस स्थान पर ट्रकों के सामान उतारने के दौरान जाम की समस्या भी रहती है।
शहर के मध्य में सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए कोई बड़ा सभागार अब तक नहीं बन सका है। ऐसी स्थिति में सामाजिक और राजनीतिक संगठनों को विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों के सभागारों के साथ ही होटलों के सभागार में कार्यक्रम कराना मजबूरी है।