अल्मोड़ा। जल संस्थान में कार्यरत संविदा श्रमिकों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है। इस कारण उन्हें आर्थिक दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। जल संस्थान संविदा श्रमिक संघ ने इस संबंध में अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि विभाग में कार्यरत धौलादेवी, हवालबगा, ताकुला, भैंसियाछाना विकासखंड में कार्यरत संविदा श्रमिक चार माह से वेतन से वंचित हैं। अप्रैल 2018 से ईपीएफ कटौती नहीं की गई है। इस संबंध में पूर्व में भी अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विभाग द्वारा श्रम विभाग के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा है। कुछ श्रमिकों का ईपीएफ पहले काटा जा रहा था, जो अब बंद कर दिया गया है
संगठन ने श्रमिकों को समय से वेतन देने, ईपीएफ कटवाने और ईपीएफ की लिस्ट उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। अन्यथा धरना प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है।
ज्ञापन देने वालों में संगठन के शाखा अध्यक्ष राजेंद्र सिंह अधिकारी, देवेंद्र जोशी, हर सिंह, भूपाल सिंह कनवाल, चंद्रशेखर पांडे, सजय सिंह नेगी, कैलाश लटवाल, रवींद्र नगरकोटी, अक्षय गोस्वामी, राजेंद्र कार्की, संतोष सिंह, प्रेम राम, सुंदर सिंह, पान सिंह, त्रिलोक सिंह, ललित मोहन बिष्ट, शंकर दत्त, महेंद्र मेर, जगदीश सिंह आदि शामिल थे।