अल्मोड़ा। नगर में ओम साईं केवल नेटवर्क के प्रबंधक और स्थानीय आपरेटरों के बीच चल रहे विवाद के चलते नगर में सैकड़ों घरों में केबल टीवी का प्रसारण पिछले एक सप्ताह से बंद है। इस कारण हजारों लोग बीते दिन विश्वकप में भारत-पाकिस्तान का मैच भी नहीं देख पाए। इधर ओम साईं केवल नेटवर्क के कंपनी के प्रबंधक ने कुछ लोगों पर अवैध कनेक्शन दिए जाने की एसडीएम को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। एसडीएम ने जांच के निर्देश दे दिए हैं।
नगर में अधिकतर घरों में केबल टीवी का प्रसारण ठप है। लोग समाचार, सीरियलों का प्रसारण नहीं देख पा रहे हैं। बीते दिन भारत-पाकिस्तान के बीच हुए विश्वकप मैच को भी लोग नहीं देख सके। इधर सोमवार को ओम साईं केवल नेटवर्क के प्रबंधक रजनीश गौतम ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में कुछ लोगों पर नगर में अवैध कनेक्शन देने की शिकायत दर्ज कराई है।
जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी केबल लाइन में कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। उन्होंने एसडीएम को बताया कि नगर में केबल नेटवर्क की सारी लाइनें उनकी हैं लेकिन कुछ लोग दूसरी कंपनी के सेट टॉप बॉक्स लगा रहे हैं।
उन्होंने तत्काल इस पर रोक लगाने की मांग की है। इधर एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि ओम साईं केवल नेटवर्क के प्रबंधक रजनीश गौतम की ओर से शिकायत की गई थी। जिसकी जांच के लिए तहसीलदार और कोतवाल को निर्देश दिए गए। बाद में दोनों पक्षों को बुलाया गया।
दोनों पक्ष केबल लाइन को अपनी प्रापर्टी बता रहे हैं लेकिन दोनों की ओर से इसके पुख्ता प्रमाण नहीं दिखाए गए हैं। अब दोनों पक्षों से केबल नेटवर्क का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया है। उसके बाद सही तथ्यों का पता लगेगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।