अल्मोड़ा। एसएसपी पीएन मीणा ने आईटी एक्ट, पॉक्सो अधिनियम और अन्य मामलों की विवेचनाओं में गहराई से समीक्षा करने और गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए । साथ ही इलेक्ट्रानिक साक्ष्य और फोरेंसिक साक्ष्य संकलित कर विवेचना को समय पर पूरा करने और न्यायालयों में चल रहे अभियोगों की प्रभावी तरीकों से पैरवी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आईटी एक्ट और साइबर अपराध से संबंधित मामलों से निपटने के लिए अब जिले के प्रत्येक थाने को मिनी साइबर थाना बनाया जाएगा।
पुलिस लाइन में थानावार अपराध समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानों को मिनी साइबर थाना बनाने की प्रक्रिया चल रही है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त एक निरीक्षक और उप निरीक्षक नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने आदर्श आचार संहिता की समाप्ति के बाद जिन लाइसेंस धारकों के शस्त्र थानों पर जमा हैं, उनके अभिलेखों को पूरा कर वापस करने को कहा।
ईद पर शांति व्यवस्था बनाए रखने, मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने, विगत में हुई चोरी की घटनाओं का अनावरण करने, थानों पर उपलब्ध कराए गऐ ट्रैफिक, आपदा उपकरण, क्राइम किट बॉक्स आदि का उचित प्रबंध कर उपयोग करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर लोकसभा चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने पर कांस्टेबल विनोद मौर्या को माह के सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी के तौर पर पुरस्कृत किया गया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक कमल राम आर्य, राजीव कुमार, अभियोजन अधिकारी अरुण गौड़, प्रतिसार निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, निरीक्षक संतोष बगडवाल, निरीक्षक नारायण सिंह, कोतवाल अरुण कुमार वर्मा, निरीक्षक भूपेन्द्र बृजवाल, धरमवीर सोलंकी, सुरेश चन्द्र, श्याम सिंह रावत, महेश कश्यप, हरीश चंद्र पंत, गणेश मनौला, पूरन सिंह रावत, विजया, विजय सिंह, दीपक आर्या, गिरीश सिंह बिष्ट आदि सभी थाना, चौकी प्रभारी मौजूद रहे।