अल्मोड़ा। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस नेता प्रदीप टम्टा ने केंद्र में सत्ता संभाल रही एनडीए की नई सरकार से टनकपुर-बागेश्वर, टनकपुर-जौलजीवी और रामनगर-चौखुटिया रेल लाइनों के निर्माण के लिए बजट मंजूर कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि आज पहाड़ के सारे जंगल धधक रहे हैं और चारों तरफ धुंध छाई है। यदि आग बुझाने के ठोस इंतजाम नहीं हुए तो यहां का पर्यटन व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो जाएगा।
अल्मोड़ा में पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदीप टम्टा ने उत्तराखंड को विशेष राज्य का दर्जा देने, क्षेत्र में एम्स की शाखा खोलने, 108 एंबुलेंस कर्मियों की समस्याओं का समाधान करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने प्रदेश सरकार से पदोन्नति में आरक्षण लागू करने की भी मांग की। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, वरिष्ठ नेता आनंद सिंह बगडवाल, मनोज वर्मा, प्रमोद कुमार, तारू जोशी आदि मौजूद थे।