द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। 1970 के दशक से नियमित रूप से संचालित होने वाली केमू की द्वाराहाट-बागेश्वर-रीमा बस सेवा लंबे समय से बंद है, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है, स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि केेमू प्रबंधन ने बिना कारण बताए इस सेवा को बंद कर दिया है। यह बस सुबह आठ बजे द्वाराहाट से बिंता, सोमेश्वर होते हुए बागेश्वर को प्रस्थान करती थी।
लंबी रूटों पर बस सेवाओं को बंद करने का सिलसिला रोडवेज और केमू प्रबंधन द्वारा लंबे समय से किया जा रहा है। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। द्वाराहाट-बिंता-बागेश्वर-रीमा केमू की बस सेवा 1970 के दशक से नियमित रूप से संचालित होती थी।
यह बस रीमा तक जाती थी, लेकिन कुछ माह पूर्व यह सेवा बंद हो गई, जिससे यात्रियों को निजी वाहनों में महंगा किराया देकर गंतव्य के लिए जाना पड़ता है। अब द्वाराहाट से बागेश्वर के लिए एकमात्र बस रोडवेज की दोपहर 12 बजे चलती है। एकमात्र बस होने के कारण यात्रियों को जगह तक नहीं मिल पाती। स्थानीय लोगों ने केमू प्रबंधन से जनहित को देखते हुए तत्काल इस सेवा का फिर से संचालन करने की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि इससे जहां यात्रियों को महंगा किराया नहीं देना पड़ेगा, वहीं दूर दराज के ग्रामीणों को भी इससे सुविधा होगी। यदि बस सेवा फिर से संचालित नहीं हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।