चौखुटिया (अल्मोड़ा)। मासी के निकट सुतनियां में रामगंगा नदी में डूबने से दिल्ली निवासी एक युवक की मौत हो गई है। मृतक अपने साथी के साथ चौखुटिया के अमस्यारी में अपने दोस्त की शादी में आ रहा था। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
मासी पुलिस चौकी प्रभारी बीआर पौरी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दिल्ली के मंडावली निवासी रविंद्र यादव (25) पुत्र बिशनदेव यादव अपने साथी विशाल सजवाल के साथ चौखुटिया के अमस्यारी में अपने किसी दोस्त की शादी में आ रहा था।
दोनों लोग मासी के निकट सुतनियां में रामगंगा नदी मे नहाने गए थे। इसी दौरान रविंद्र का पांव फिसल गया जिससे वह डूब गया। बाद में उसके साथी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना दोपहर तीन बजे की बताई गई है।