अल्मोड़ा। स्कूली बच्चों को बांटी गई सैंपल फेल आयरन टैबलेट अभी तक केवल लमगड़ा सीएचसी में ही वापस पहुंची है। हवालबाग सीएचसी में अभी टैबलेट नहीं पहुंची। इसके बाद सैंपल फेल इन टैबलेट को सीएमओ कार्यालय में लाया जाएगा और बाद में कंपनी को वापस करने के बाद नई टैबलेट मंगाई जाएगी। कितने बच्चों ने इस बैच की आयरन की टैबलेट खाई है इसकी जानकारी भी अभी स्वास्थ्य विभाग के पास उपलब्ध नहीं है।
फरवरी-मार्च में दवा की एक फर्म द्वारा स्कूली बच्चों को बांटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को दो लाख आठ हजार 800 टैबलेट दी गईं थीं। विभाग ने यह टैबलेट हवालबाग और लमगड़ा के स्कूली बच्चों को बंटवाने के लिए सीएचसी सेंटर को दिए थे। राजकीय विश्लेषक, राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला रुद्रपुर में आईबीटीआई 8010 बैच की आयरन टैबलेट की जांच में इस बैच की टैबलेट का सैंपल फेल हो गया था। जिसके बाद स्वास्थ्य निदेशालय के निर्देश पर इस बैच की सभी आयरन की टैबलेटों को स्कूलों से वापस मंगा लिया गया। एक हफ्ता होने को है, लेकिन अभी तक टैबलेट सीएचसी में ही नहीं पहुंची।
केवल लमगड़ा सीएचसी में पांच हजार 500 टैबलेट वापस आई हैं जबकि हवालबाग सीएचसी में अभी यह दवा नहीं पहुंची। सीएमओ डॉ. विनीता साह के अनुसार जल्द ही सैंपल फेल टैबलेट को सीएमओ कार्यालय मंगा लिया जाएगा।