अल्मोड़ा। अल्मोड़ा लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार विजयी रहे भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा ने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में विकास के कई काम पहले से ही चल रहे हैं। जीत के बाद वह सड़कों और रेल योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा पलायन रोकने पर वह सबसे अधिक ध्यान देंगे और इसके लिए जो भी संभव होगा प्रयास करेंगे।
जीत के बाद अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल में जनता के हितों के लिए तमाम कार्य किए और 130 से अधिक योजनाएं बनाईं। राष्ट्र की सुरक्षा के साथ ही देश को आर्थिक और विज्ञान टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए जो काम किए उससे जनता में विश्वास पैदा हुआ। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में देश की साख बड़ी है।
इन तमाम कारणों से लोगों ने नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि आने वाले पांच सालों में लोकसभा क्षेत्र में पर्यटन विकास के साथ ही पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।