अल्मोड़ा। जच्चे-बच्चे को सकुशल घर ले जाने के लिए महिला अस्पताल में तैनात खुशियों की सवारी वाहन नहीं मिल रहा है। लोगों को निजी वाहनों से उन्हें घर पहुंचना पड़ रहा है। जबकि सरकार द्वारा दी जा रही सुविधा के तहत महिला को प्रसव बाद अस्पताल से घर ले जाने के लिए खुशियों की सवारी निशुल्क उपलब्ध की जाती है।
जिला महिला अस्पताल में करीब दस बच्चों का इस हफ्ते जन्म हुआ है, लेकिन मां और बच्चे को घर ले जाने के लिए बीते मंगलवार से खुशियों की सवारी वाहन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते परिजन उन्हें निजी वाहनों से घर तक ले जाने के लिए मजबूर हैं। बुधवार को भी कई महिलाओं को खुशियों की सवारी नहीं मिली।
इधर सीएमएस डॉ. दीपक गर्ब्याल ने बताया कि खुशियों की सवारी वाहन की काफी समय से सर्विसिंग नहीं हुई थी। चालक के अनुसार वाहन में एक्सल और अन्य तकनीकी दिक्कत भी आ रही है। जिसके चलते वाहन को सिर्विस सेंटर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार तक वाहन महिला अस्पताल को उपलब्ध हो जाएगा।