अल्मोड़ा। भैंसियाछाना ब्लॉक के पत्थरखानी गांव में बनाई जा रही लघु सिंचाई योजना आठ साल बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। देखरेख के अभाव में योजना का सिंचाई टैंक भी जीर्णशीर्ण हो गया है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश चंद्र भट्ट ने पुन: मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर योजना को पूरा करने की मांग उठाई है।
ज्ञापन में उन्होंने कहा गया है कि इस योजना का निर्माण 2011 में शुरू हुआ। गांव में सिंचाई टैंक का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन टैंक तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन नहीं बिछाई। जिस कारण टैंक तक पानी भी नहीं पहुंच पाया है। योजना के अधूरी होने से सिंचाई के लिए किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाया है। सिंचाई टैंक के भीतर तथा बाहर घास भी उगी हुई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध वह पूर्व में दो बार डीएम को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कोट
योजना का अधूरा कार्य पूरा करने के लिए शासन को आगणन भेजा गया है। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते धनराशि अवमुक्त नहीं हुई है। चुनाव के पश्चात धनराशि अवमुक्त होने पर योजना का काम पूरा किया जाएगा।
अंगद सिंह, अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई विभाग, अल्मोड़ा।