अल्मोड़ा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मंगलवार को जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित योजनाओं में तेजी लाने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 1645 योजनाओं में से 1517 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 128 योजनाओं पर काम चल रहा है। मंत्री ने शेष योजनाओं को जल्द पूरा कर हर घर तक पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्ण योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को वास्तविक रूप से मिलना चाहिए। पीएमजीएसवाई-4 के कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में 220 सड़कें स्वीकृत हैं, जिनकी कुल लंबाई 1295.04 किलोमीटर है। मंत्री ने सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पालन करने के निर्देश दिए। चेताया कि लापरवाही या अनावश्यक देरी पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीएम अंशुल सिंह, दायित्वधारी गोविंद पिल्खवाल, एडीएम युक्ता मिश्र समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद