मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट ब्लॉक क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बीएसएनएल की संचार सेवाएं ठप हैं। बीएसएनएल और लोनिवि ने ओएफसी काटने के मामले में कार्यदायी संस्था के खिलाफ सल्ट थाने में तहरीर दी थी। रविवार को बीएसएनएल की तहरीर पर कार्यदायी संस्था जियो कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है।
बीएसएनएल की ओएफसी लाइन कटने से सल्ट विकासखंड में एक सप्ताह से बीएसएनएल के ब्राडबैंड सेवा, मोबाइल, टेलीफोन, इंटरनेट आदि सेवाएं ठप हैं। इस कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
सल्ट के थानाध्यक्ष हरीश प्रसाद ने बताया कि बीएसएनएल की तहरीर पर रविवार को कार्यदायी संस्था जियो कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।