अल्मोड़ा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी और अपर जिलाधिकारी कैलाश सिंह टोलिया ने सभी उपजिलाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदेय स्थलों के परिवर्तन, संशोधन प्रस्ताव शीघ्र जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।
उन्होंने कहा है कि राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मतदेय स्थलों को लेकर इस संबंध में प्रस्ताव प्राप्त कर लें। प्रस्तावों में ध्यान रखें कि जो भी मतदेय स्थल परिवर्तन किए जा रहे हैं उनमें मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। यदि मतदाताओं को दो किमी से अधिक दूरी तय कर मतदान करना पड़ रहा है तो नया मतदेय स्थल प्रस्तावित किया जा सकता है। नदी, नाले, वन क्षेत्र से होकर जाने वाले मतदान स्थलों को चिन्हित कर सुविधानुसार मतदेय स्थल बनाएं। यदि किसी मतदेय स्थल का भवन जीर्ण-शीर्ण हो तो उसे निकटतम सरकारी भवन में स्थानांतरित करें।
इधर इसको लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा की। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शंकर राम ने प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत हिमांशु खुराना, एसडीएम विवेक राय, अवधेश कुमार सिंह, मनीष बिष्ट, तहसीलदार खुशबू आर्या, नीतेश डांगर, प्रयाग दत्त सनवाल, डीईओ (बेसिक) राय साहब यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल, कांग्रेस के मनोज सनवाल, उक्रांद के शिवराज बनौला, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उमाकांत उप्रेती आदि ने भाग लिया।