सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। तहसील मुख्यालय सोमेश्वर में आयोजित तहसील दिवस में कुल 60 शिकायतें दर्ज कराई गईं। जिसमें से अधिकांश शिकायतें पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, सड़क, शिक्षा से संबंधित हैं। डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया।
उन्होंने कहा कि तहसील दिवसों पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर के डॉ. सुधीर गुप्ता का संबद्धीकरण तुरंत निरस्त करने के निर्देश दिए। डॉ. गुप्ता पिछले चार साल से हवालबाग में संबद्ध हैं।
लोगों ने विद्युत तारों को काटने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला उठाया। इस पर डीएम ने ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को सरकार संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को चिन्हित कर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। लोगों ने सोमेश्वर बाजार में सुलभ शौचालय बनाने की मांग की।
इस पर डीएम ने पर्यटन विकास अधिकारी को अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पच्चीसी के पूरन दोसाद ने कहा कि अधिकांश विद्यालयों की स्थिति खराब है। डीएम ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जांच कर शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत की सड़क की हालत ठीक न होने पर नाराजगी जतायी। उन्होंने टाना सजौली की बंद पड़ी नहर को मनरेगा के तहत ठीक कराने के निर्देश दिए।
डोनीगांव में स्वीकृत सड़क निर्माण न किए जाने पर डीएम ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोनिवि के अधिकारियों को मामले का संज्ञान लेते हुए इसका परीक्षण कर नया प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को खराब पड़े हैंडपंप को ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिकारियों को सड़क बनाने के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने पर 15 दिन के भीतर ठीक करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अधीन आशा कार्यकर्ताओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए। एडीबी विभाग के अधिकारियों के न पहुंचने पर डीएम ने स्पष्टीकरण मांगा। शिविर में सीडीओ मयूर दीक्षित, एसडीएम विवेक राय, डीडीओ मो. असलम, तहसीलदार खुशबू आर्या, बीडीओ हवालबाग पंकज कांडपाल, ताकुला किशन राम आर्या, ज्येष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह कैड़ा, मोहन सिंह दोसाद आदि मौजूद थे।