अल्मोड़ा। नगर के जिला, बेस अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। अस्पतालों द्वारा जन औषधि केंद्रों को भी वैक्सीन के लिए डिमांड भेजी थी, लेकिन जन औषधि केंद्रों में भी वैक्सीन नहीं आने से लोगों को बाहर से महंगी कीमत में यह वैक्सीन खरीदना पड़ रहा है।
अस्पतालों में हर रोज तीन से चार लोग बंदर, कुत्ता और बिल्ली के काटे मरीज पहुंच रहे हैं। लेकिन जिला, बेस अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को बाजार से इस वैक्सीन को खरीदना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में अप्रैल में ही 90 से अधिक मरीज वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच चुके हैं।
जिला अस्पताल प्रशासन ने जन औषधि केंद्र को वैक्सीन के लिए डिमांड भेजी थी लेकिन वहां भी वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। इधर व्यापारी नेता दीपेश जोशी ने अस्पतालों में वैक्सीन जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है। पालिका सभासद अशोक पांडे ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बताया कि जिले के दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्र के लोग इलाज के लिए जिला और बेस अस्पताल पर निर्भर हैं, लेकिन लंबे समय से यहां एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं मिल रही है।
बाजार में भी मेडिकल स्टोर में वैक्सीन की कमी है। उन्होंने जिलाधिकारी से अपने स्तर से प्रयास कर अस्पतालों में वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है। जिला अस्पताल के पीएमएस प्रकाश वर्मा ने बताया कि यह समस्या पूरे राज्य में है, लेकिन उन्होंने व्यवस्था करवा ली है और अगले पांच दिन के भीतर जिला अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध हो जाएंगे।