अल्मोड़ा। खेल मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने डीएम, डीईओ, युवा कल्याण अधिकारी को 10, 11 फरवरी को प्रत्येक विकासखंड में 800 मीटर दौड़ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता प्रतिभागी को 51 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों की बैठक में उन्होंने बताया कि 10, 11 फरवरी को ब्लॉक स्तर पर होने वाली इस प्रतियोगिता में 19 वर्ष से कम आयु वर्ष के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रथम छात्र, छात्रा की प्रतियोगिता 15 फरवरी को देहरादून में होगी। खेलमंत्री ने बताया कि सिडकुल हरिद्वार 47 बालक, 48 बालिकाओं को 95 स्कूटी दिला रहा है। उन्हेें प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार के रूप में दिया जाएगा। देहरादून में आठ सौ मीटर की प्रदेश स्तरीय दौड़ में प्रथम स्थान पाने वाले धावक को 51 हजार रुपये की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने खेल, शिक्षा, युवा कल्याण विभाग को प्रचार-प्रसार करने, युवा कल्याण अधिकारी को बजट का प्रस्ताव बनाकर निदेशालय भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आवेदन पत्र समाचार पत्र के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि छह फरवरी है। वीडियो कांफ्रेंसिंग में एडीएम कैलाश सिंह टोलिया, सीईओ जगमोहन सोनी, डीईओ माध्यमिक हर्ष बहादुर चंद्र, बेसिक रायबहादुर यादव, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, युवा कल्याण अधिकारी सीएस वर्मा, बीडीओ पंकज कांडपाल आदि थे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 51 हजार मिलेंगे
खेलमंत्री पांडे ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए