चौखुटिया(अल्मोड़ा)। एक्स पैरामिलिट्री के जवानों ने बढ़ते आतंकवाद पर चिंता जताते हुए पाकिस्तान में घुसकर फिर से एक सर्जिकल स्ट्राइक करने की इच्छा जताई है। कहा है कि इसके लिए आदेश मिले तो पैरामिलिट्री के सेवानिवृत्त जवान तैयार हैं। जवानों ने चौखुटिया में वायुसेना के हवाई अड्डे की स्थापना को सामरिक दृष्टि से जरूरी बताते हुए इसका स्वागत किया है। बैठक में संगठन की विभिन्न मांगों पर भी चर्चा हुई।
उत्तराखंड पूर्व पैरामिलिट्री कल्याण संगठन की एक होटल में हुई बैठक में जम्मू-कश्मीर में आए दिन आतंकवादियों की घुसपैठ कराने वाले पाकिस्तान को सबक सिखने की बात कही गई है। पैरामिलिट्री के सेवानिवृत्त जवानों का कहना है कि इसके लिए वे फिर से सेवा में जाकर पाकिस्तान के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकवादियों के शिविरों को नष्ट करना चाहते हैं। कहा कि वे अपनी भावनाओं से प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री को भी अवगत कराना चाहते हैं। बैठक में चौखुटिया में बनने जा रहे वायुसेना के हवाई अड्डे को वक्त की जरूरत बताते हुए कहा गया की चीन को साधने के लिए इसका निर्माण शीघ्र किया जाना जरूरी है। उन्होंने आपदा के दौरान भी अपनी सेवाएं देने की इच्छा जताई है।
बैठक में पैरामिलिट्री के जवानों के समान वेतन, वन रैंक-वन पेंशन, कैंटीन सुविधा और मेडिकल सुविधा आदि देने की मांग की गई। बैठक में कहा गया कि पांच दिसंबर को विभिन्न मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले धरना प्रदर्शन में उत्तराखंड से पूर्व पैरामिलिट्री जवान भारी संख्या मेें जाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष ईश्वरीदत्त कांडपाल ने और संचालन चंदन सिंह बिष्ट ने किया। वहां शंकर सिंह नेगी, किसन सिंह, लक्षमण सिंह बिष्ट, कलम सिंह, भूपेंद्र सिंह, रामसिंह, नारायण सिंह, गोपाल सिंह, गोविंद सिंह, दानसिंह नेगी, खीम सिंह, पार्वती देवी, देवकी देवी व मोहन सिंह मेहरा सहित कई मौजूद थे।