अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में नए शिक्षा सत्र की प्रवेश प्रक्रिया काफी धीमी गति से चल रही है। अब तक बीए, बीकॉम, बीएससी सहित अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में महज 148 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया है। वहीं, बीबीए में दूसरे दिन भी कोई विद्यार्थी प्रवेश के लिए नहीं पहुंचा।
एसएसजे परिसर में प्रवेश प्रक्रिया का शनिवार को आठवां दिन था। प्रवेश समिति को प्रवेश प्रक्रिया के एक सप्ताह बाद प्रवेश लेने वाले विद्वार्थियों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद थी लेकिन केवल आठवें दिन केवल 17 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया। मेरिट लिस्ट जारी होने के अब तक स्नातक प्रथम में 148 विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया है। अभी बीए में 64, बीएससी गणित वर्ग में 41, जीव विज्ञान में 19, बीएफए में 8, बीसीए में 12,बीकॉम में 4 विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने कहा कि वरीयता सूची में शामिल विद्यार्थियों को मेल के जरिये भी सूचना दी जा रही है। उम्मीद है कि विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी।