अल्मोड़ा। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश में होने पर महिला अस्पताल में बुधवार को अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचीं महिलाओं को बैरंग लौटना पड़ा। बाद में कई महिलाओं ने फिर जिला अस्पताल जाकर अल्ट्रासाउंड कराया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार रेडियोलॉजिस्ट लंबे समय के लिए अवकाश पर गई हुई हैं और जिसकी वजह से अगले तीन हफ्तों तक महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं होंगे।
प्रत्येक बुधवार को महिला अस्पताल में केवल गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं। इस दौरान अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की काफी भीड़ रहती है। लेकिन इस बुधवार को महिला अस्पताल पहुंचीं गर्भवती महिलाएं रेडियोलॉजिस्ट के नहीं होने से निराश दिखीं।
बुधवार को अस्पताल में 175 ओपीडी हुई जिसमें करीब 52 महिलाएं अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पहुंचीं थीं। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश में होने की सूचना मिलने के बाद अधिकांश घर को वापस चली गईं जबकि कुछ ने जिला अस्पताल जाकर अल्ट्रासाउंड कराया।
जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. प्रकाश वर्मा ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट 20 से 25 दिन के अवकाश पर गई हैं। इसकी सूचना अस्पताल में चस्पा कर दी गई है, लेकिन जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट मौजूद हैं और गर्भवती महिलाएं यहां आकर अल्ट्रासाउंड करा सकती हैं।