अल्मोड़ा। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बनी स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स (एसओटीएफ) को सक्रिय कर दिया गया है। साथ ही माओवादी गतिविधियों में शामिल रहने वाले लोगों को सहयोग करने वालों पर भी पुलिस नजर रख रही है।
बता दें कि पिछले विधानसभा चुनावों से कुछ समय पहले अल्मोड़ा के पेटशाल, सोमेश्वर सहित कई इलाकों में माओवादी गतिविधियों से जुड़े तत्व सक्रिय हो गए थे। इन लोगों ने रात में कई स्थानों पर दीवार लेखन और पोस्टर आदि लगाकर भड़काऊ नारे प्रचारित कर दिए थे। इधर लोकसभा चुनावों के मद्देनजर पुलिस की एसओटीएफ और अन्य टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।
एसएसपी पीएन मीणा ने बताया कि लोकसभा चुनाव शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए हर तरह से चौकसी रखी जा रही है। एसओटीएफ, एलआईयू सहित पुलिस की अन्य टीमें लगातार चौकसी बरत रही हैं। उन्होंने कहा कि माओवादी गतिविधियों में संलग्न रहने वालों को सहयोग करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। चुनाव में किसी भी तरह से शांति भंग करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। इसे देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में गुंडा तत्वों, अवैध धंधेबाजों आदि का पता लगाकर उनके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई शुुरू कर दी गई है।