अल्मोड़ा। सेवायोजन कार्यालय अल्मोड़ा और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना अल्मोड़ा की ओर से 31 जनवरी को राजकीय इंटर कालेज अल्मोड़ा में रोजगार भर्ती मेला आयोजित होगा। इच्छुक प्रतिभागियों का पंजीकरण खंड विकास कार्यालयों में 23 से 25 जनवरी तक किया जाएगा। मेले में हाईस्कूल से लेकर एमबीए पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि 23 जनवरी को खंड विकास कार्यालय सल्ट, 24 जनवरी को खंड विकास कार्यालय स्याल्दे, 25 जनवरी को खंड विकास कार्यालय भिकियासैंण में पंजीकरण किया जाएगा। तीनों कार्यालयों में सुबह 11 से दो बजे तक पंजीकरण होगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय अल्मोड़ा और नगर सेवायोजन कार्यालय रानीखेत में पंजीकृत शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार के अवसर देना मेले का प्रमुख लक्ष्य है। मेले में हाईस्कूल से कम, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक, एमबीए, बीकॉम, बीबीए, सिविल इंजीनियरिंग से बीटेक, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग आदि योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
अभ्यर्थी हेल्पर, कुक, चालक, मशीनिस्ट, स्टोर इंचार्ज, सुपरवाइजर, बिलिंग इंजीनियर, डाटा इंट्री आपरेटर, गनमैन, होमकेयर, नर्सिंग असिस्टेंट आदि पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। मेले में 15 से अधिक कंपनियां पहुंच रही हैं।