अल्मोड़ा। नगर में पटाल बाजार क्षेत्र में फुटपाथ पर कई फड़ व्यवसायी दुकानें लगाते हैं। इससे बाजार संकरा हो जाता है। इन फड़ व्यवसायियों को बाजार क्षेत्र से हटाकर वेंडर जोन में पालिका स्थान उपलब्ध कराएगी। वेंडर जोन चिन्हित करने के लिए पालिका परिषद ने कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही फड़ व्यवसायियों को वेंडर जोन में पालिका स्थान उपलब्ध कराएगी।
नगर में पटाल बाजार में विभिन्न स्थानों पर फड़ व्यवसायी दुकानों के आगे और फुटपाथ पर फड़ लगाकर अपनी आजीविका चलाते हैं, लेकिन इन फड़ व्यवसायियों द्वारा सामान काफी आगे तक फैला देने से बाजार काफी संकरा हो जाता है। जिससे लोगों को आने-जाने और खरीदारी करने में काफी दिक्कतें होती हैं। हालांकि नए बोर्ड का गठन होने के बाद पालिका द्वारा फड़ व्यवसायियों के दुकान का सामान फैलाने पर काफी अकुंश लगा है।
पालिका द्वारा शहर में कुछ स्थानों पर वेंडर जोन बनाने के लिए स्थान देखे जा रहे हैं। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने बताया कि कलक्ट्रेट के पीछे गली में वेंडर जोन के लिए स्थान देखा गया है। इस स्थान पर करीब चालीस फड़ व्यवसायियों के बैठने की व्यवस्था हो सकती है। इसके अलावा शहर में अन्य स्थानों पर भी वेंडर जोन चिन्हित किए जा रहे हैं, ताकि फड़ व्यवसायियों को वहां पर स्थापित किया जा सके।